भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट को गृह जनपद में झेलना पड़ा विरोध

गोपेश्वर। अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट को अपने गृह जनपद चमोली में विरोध का सामना करना पड़ा। कांग्रेस और यूकेडी कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर भट्ट के काफिले को रोकने का प्रयास किया। इसबीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हो गई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट रविवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी के शुभारंभ के लिए गोपेश्वर पहुंचे थे। स्टेडियम जाने के दौरान पीजी कालेज गेट के पास मौजूद कांग्रेस और उक्रांद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के साथ उनका काफिला रोक दिया। पुलिस ने मौके पर स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को किसी तरह रोक कर काफिले को आगे बढ़ाया
प्रदर्शनकारियों ने अंकिता हत्याकांड की सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच, वीआईपी के नामों के खुलासे को लेकर आवाज उठाई। प्रदर्शन में कांग्रेस के पीसीसी सदस्य अरविंद नेगी, उपाध्यक्ष धीरेन्द्र गरोड़िया, सभासद सूर्या पुरोहित, मनमोहन नेगी, उमेश सती, लीला रावत, विजया कंडारी, मंजू देवी, विक्रम नेगी, मनमोहन औली, मदन सेमवासी, मुकुल बिष्ट, रविन्द्र बर्त्वाल, किशन बर्त्वाल, उक्रांद के सुबोध बिष्ट, पंकज पुरोहित, अशोक बिष्ट, दीपक राणा, सोनू बिष्ट आदि शामिल थे।



