ऋषिकेश। आम आदमी पार्टी के विधानसभा प्रभारी राजे सिंह नेगी शीतकालीन विधानसभा सत्र गैरसैंण की बजाए देहरादून में आहूत करने निर्णय की आलोचना की। कहा कि भाजपा को गैरसैंण से हमेशा परहेज रहा है। नेगी ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को भी आड़े हाथ लिया।
आप नेता राजे सिंह नेगी ने जारी बयान में कहा कि जिस तरह से भाजपा गैरसैंण से कन्नी काट रही है, उससे साबित होता है कि उसे पहाड़ों से सिर्फ वोट चाहिए, उसका विकास नहीं। गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने को लेकर भी उसकी कथनी और करनी में अंतर हैं
नेगी ने कहा कि गैरसैंण पर भाजपा और कांग्रेस दोनों सियासी रोटियां सेंकने तक सीमित हैं। गैरसैंण राजधानी के सवाल पर दानों का कोई स्पष्ट सोच नहीं है। कहा कि भाजपा 2017 में गैरसैंण को राजधानी का दर्जा देने के वायदे के साथ जीती थी, और चुनाव के बाद ग्रीष्मकालीन राजधानी की घोषणा की। अब ग्रीष्मकाल में सरकार गैरसैंण में नहीं बैठ रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब सत्ता में रही, तो उसने गैरसैंण को स्थायी राजधानी का दर्जा नहीं दिया, और अब वह सिर्फ चुनावी फायदे के लिए राजधानी बनाने की बात कर रही है।