बागेश्वरः कपकोट विधानसभा को मिली 108 करोड़ की सौगात
मुख्यमंत्री धामी ने किया विकास योजनाओं को लोकार्पण और शिलान्यास

बागेश्वर। बागेश्वर दौरे के दूसरे दिन सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लगभग ₹108 करोड़ की 42 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जिसमें लगभग ₹62 करोड़ की 24 योजनाओं का लोकार्पण और ₹45.95 करोड़ की 18 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
केदारेश्वर मैदान कपकोट में आयोजित जन सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में जनता की विशाल भागीदारी प्रमाण है कि राज्य सरकार विकास के मार्ग पर सही कार्य कर रही है। कहा कि गरीब वर्ग, महिलाओं और युवाओं के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने ‘मानस खंड माला’ परियोजना के तहत धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की प्रगति की जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि शीतकालीन पर्यटन की नई पहल से प्रदेश में वर्षभर पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय लोगों के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा। उन्होंने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट टू प्रोजेक्ट के तहत बागेश्वर की पारंपरिक ताम्र शिल्प को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है। सरयू एवं गोमती नदियों के संरक्षण कार्य निरंतर प्रगति पर हैं, वहीं बागेश्वर रेल लाइन का सर्वेक्षण भी पूर्ण हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरुड़ अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा, जिससे स्थानीय जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने विभिन्न स्वायत सहकारिता एवं स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता के चेक भी सौंपे।
मुख्यमंत्री ने कृषि, उद्यान, रेशम, सहकारिता, ग्राम्य विकास, महिला सशक्तिकरण, डेयरी, पशुपालन एवं उद्योग विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने स्थानीय हस्तशिल्पकारों से संवाद करते हुए उत्साहवर्द्धन किया।
मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, कपकोट विधायक सुरेश गड़िया, बागेश्वर विधायक पार्वती दास, दायित्वधारी भूपेश उपाध्याय, शिव सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल, डीएम आकांक्षा कोंड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गड़िया, पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, एसपी चंद्र सिंह घोड़के, सीडीओ आरसी तिवारी आदि मौजूद रहे।


