राष्ट्रीय डेंटल कमीशन में प्रो. डॉ. हिमांशु ऐरन की नियुक्ति

देहरादून/नई दिल्ली। राष्ट्रीय डेंटल कमीशन (एनडीसी) में प्रो. डॉ. हिमांशु ऐरन को डेंटल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड का पूर्णकालिक सदस्य नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति डेंटल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
डॉ. ऐरन ने कहा कि यह पद उनके लिए जिम्मेदारी का प्रतीक है। उनकी प्राथमिकता देश के अंतिम व्यक्ति तक सुलभ, किफायती और उच्च स्तरीय डेंटल सेवाएं पहुंचाना होगा। भरोसा जताया कि नई व्यवस्था भारत को डेंटल शिक्षा के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाएगी।
तीन दशक से अधिक के अनुभव वाले डॉ. ऐरन को शिक्षा, शोध और प्रशासन में उत्कृष्ट योगदान के लिए कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। इनमें ‘प्रोस्थोडोंटिक्स ऑफ द ईयर’, ‘आउटस्टैंडिंग अकादमिशियन अवार्ड’, आईसीडी अवार्ड और ‘हिमरत्न’ सम्मान प्रमुख हैं। उन्हें पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम द्वारा भी सराहा जा चुका है।
राष्ट्रीय डेंटल कमीशन के गठन के साथ देश में एक नई, जवाबदेह और पारदर्शी व्यवस्था लागू हो रही है। ऐसे में डॉ. ऐरन की नियुक्ति इस परिवर्तन को गति देने वाली महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकती है।



