ऋषिकेश

Achievement: मुनिकीरेती नगरपालिका होगी उच्चीकृत

वित्तमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने किया ग्रेड-1 के लिए अनुमोदन

ऋषिकेश। नगरपालिका मुनिकीरेती-ढालवाला उच्चीकृत होकर ग्रेड-02 से ग्रेड-01 श्रेणी में शामिल होगी। वित्त एवं शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने संबंधित प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया है। इससे पालिका को अधिक अनुदान मिलने के साथ ही पदों में भी वृद्धि संभव होगी।

यह जानकारी मंत्री प्रेमंचद अग्रवाल ने दी है। बताया कि नगरपालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के उच्चीकरण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। पालिका ने संबंधित मानकों एक करोड़ रूपये से अधिक आय, स्वच्छता सर्वेक्षण में सुधार आदि को पूर्ण किया है। बताया कि मुनिकीरेती पालिका अब ग्रेड-01 में शामिल होने वाली निकायों मेकं 7वीं नगरपालिका होगी।

उन्होंने बताया कि ग्रेड-01 में उच्चीकृत होने पर पालिका में पदों का विस्तार होगा। पालिका में 12 जून 2016 के शासनादेश के तहत मुख्यतः सहायक अभियन्ता, कर एवं राजस्व अधीक्षक, मुख्य सफाई निरीक्षक, लेखाकार समेत अन्य पदों में वृद्धि होगी। इसके बाद मुनिकीरेती पालिका को राज्य वित्त आयोग की आगामी संस्तुतियों में ग्रेड-01 का लाभ मिलेगा।

नगर पालिका पर एक नजर 
वर्ष 1997 तक इस क्षेत्र की टाउन एरिया में गिनती होती थी। वर्ष 1998 में इसे नगर पंचायत मुनिकीरेती का स्वरूप दिया गया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर वर्ष 2014 में इसे ग्रेड-02 की नगर पालिका परिषद में उच्चीकृत किया गया। अब ग्रेड-02 से ग्रेड-01 में उच्चीकृत होने के सभी मानकों पर खरा उतरने के बाद इसे ग्रेड-01 में उच्चीकृत किया जाएगा।

स्वच्छता रैंकिंग में रही चार बार अव्वल
नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला वित्त वर्ष 2018-19 से 2021-22 तक लगातार चार बार स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान पर काबिज है। इससे पूर्व भी पालिका वर्ष 2015-16 में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट पुरस्कार हासिल कर चुकी है। ऑल इंडिया रैंकिंग में भी पालिका वर्ष 2021-22 में देश में पांचवें स्थान पर रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button