उत्तराखंड का एक जवान मणिपुर में ड्यूटी के दौरान शहीद

Bad News : मणिपुर में 16 कुमाऊं रेजीमेंट के एक 24 वर्षीय जवान की देश सेवा में शहादत की खबर है। बताया जा रहा है कि जवान को संदिग्ध हालात में गोली लगी है। शहीद जवान की पार्थिव देह आज उनके गांव पहुंचेगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जनपद अल्मोड़ा के सोमेश्वर तहसील चनौदा के बूंगा निवासी 24 वर्षीय कमल सिंह भाकुनी मणिपुर में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। कमल चार वर्ष पहले ही 16 कुमाऊं रेजीमेंट में भर्ती हुए थे। ड्यूटी के दौरान उन्हें गोली कैसे लगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि कमल 25 दिन पहले ही अवकाश पूरा कर ड्यूटी पर लौटे थे। शहीद कमल के पिता चंदन सिंह भाकुनी खेती-बाड़ी का काम करते हैं, माता दीपा भाकुनी गृहणी हैं। कमल का बड़ा भाई भी भारतीय सेना में तैनात हैं। शहादत की खबर के बाद गांव और परिवार में कोहराम मचा है।