चंपावत

भारत-नेपाल सीमा पर बनेगा आधुनिक लैंड पोर्ट

बनबसा में मंत्री सतपाल महाराज ने किया परियोजना का निरीक्षण

चम्पावत। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बनबसा स्थित गुदमी क्षेत्र में लगभग ₹500 करोड़ लागत से प्रस्तावित आधुनिक लैंड पोर्ट परियोजना को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। महाराज ने परियोजना स्थल का निरीक्षण के अधिकारियों के साथ बैठक में परियोजना की समीक्षा की। यह परियोजना भारतीय भू-सीमापत्तन प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही है।

निरीक्षण के बाद एनएचपीसी लिमिटेड बनबसा गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में परियोजना की प्रगति, तकनीकी प्रबंध, सुरक्षा व्यवस्था और विभागीय समन्वय पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने निर्देश दिए कि परियोजना को हर हाल में अप्रैल 2027 तक पूरा किया जाए, ताकि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में व्यापार और यात्री सुविधाएं शीघ्र प्रारंभ हो सकें।

उन्होंने लैंड पोर्ट को अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली, डिजिटल निगरानी और स्मार्ट प्रबंधन तंत्र से सुसज्जित करने पर जोर दिया। परिसर में वर्षा जल संचयन प्रणाली को अनिवार्य रूप से शामिल करने, त्रिभाषीय संकेतक पट्ट लगाने और पर्यावरणीय स्वीकृतियां शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश भी दिए गए।

मंत्री ने कहा कि यह लैंड पोर्ट सीमापार व्यापार, कृषि एवं औद्योगिक उत्पादों की आवाजाही को सुव्यवस्थित करेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, एडीएम कृष्णनाथ गोस्वामी, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, भारतीय भू-सीमापत्तन प्राधिकरण, वन विभाग आदि के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!