रायवाला। छिद्दरवाला में राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऊर्जा निगम का वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। दुर्घटना में सहायक अभियन्ता समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को ऊर्जा निगम विद्युत उपखंड रायवाला के सहायक अभियन्ता राजीव कुमार श्रीवास्तव, अवर अभियन्ता शम्भू प्रसाद बहुगुणा और ब्रह्मपाल सिंह डोईवाला में आयोजित बीडीसी बैठक के लिए जा रहे थे। इसी बीच छिद्दरवाला चौक पर वाहन सामने से आ रहे तेज रफ्तार विक्रम को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर से टकरा गया। हादसा देख मौके पर दौड़े आसपास के लोगों ने वाहन में सवार लोगों को बाहर निकाला।
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता शक्ति प्रसाद ने बताया कि हादसे में तीनों ही लोग घायल हुए हैं। थानाध्यक्ष भुवन चन्द्र पुजारी ने बताया कि पुलिस ने घायलों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया है। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है।