Uttarakhand Assembly Chunav 2022: उत्तराखंड राज्य में बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) 2022 के चुनाव को शिद्दत से लड़ने के मूड में दिख रही है। हरिद्वार क्षेत्र में सात विधानसभा सीटों पर अन्य दलों से पहले प्रत्याशियों की घोषणा इस तरफ इशारा करती है। पार्टी ने आज हरिद्वार की 7 विस सीटों पर उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 70 सीटों पर लड़ने का ऐलान किया है।
बसपा ने प्रत्याशियों की जारी सूची में खानपुर से चौधरी रविंद्र पनियाला, मंगलौर से सरबत करीम अंसारी, झबरेडा से आदित्य ब्रजवाल, भगवानपुर से सुबोध राकेश, लक्सर से मोहम्मद शहजाद, कलियर से सुरेंद्र सैनी और हरिद्वार ग्रामीण से डॉ. दर्शनलाल शर्मा के नाम घोषित किए हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी हरिद्वार की शेष विधानसभाओं में भी जल्द प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर देगी।
बता दें कि उत्तराखंड के पहले आम चुनाव (2002) में बसपा 7 सीटें हासिल कर तीसरी ताकत बनकर उभरी थी। वर्ष 2007 में उसकके विधायकों की संख्या एक और बढ़कर 8 हुई। लेकिन इसके बाद उसका जनाधार कमजोर होता चला गया। वर्ष 2012 में उसकी सीटें घटकर 3 रह गई। जबकि 2017 के चौथे इलेक्शन में वह एक भी सीट नहीं जीत सकी।
उधर, पिछले महीने ही भाजपा को झटका देकर बीएसपी में शामिल हुए सुबोध राकेश को पार्टी ने भगवानपुर सीट का टिकट दिया है। इस सीट पर वर्तमान में उनकी भाभी ममता राकेश कांग्रेस से विधायक हैं। कांग्रेस से उन्हें ही दोबारा टिकट मिलने की संभावना है। जबकि भाजपा को यहां कोई नया चेहरा तलाशना पड़ रहा है।