रायवाला। गौहरीमाफी में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कृषि मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान विशेषज्ञों ने किसानों को जैविक और उन्नत खेती के तौर तरीके बताए।
गौहरीमाफी में आयोजित कृषि मेले में स्पीकर अग्रवाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार किसानों के हित में काम कर रही है। किसानों की आमदनी में वृद्धि के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। जैविक खेती के बारे में उन्होंने कहा कि आने वाला समय जैविक उत्पादों का ही है, इसलिए किसानों को जैविक खेती को अपनाना चाहिए।
मेले में सहायक कृषि रक्षा अधिकारी इंदु गौदियाल ने किसानों को फसल बीमा, जैविक खेती और कृषि यंत्रों से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी। बताया कि किसानों के लिए विभाग द्वारा कृषि यंत्रों पर 50 से 80 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जा रहा है। कहा कि किसानों को सरकार की इस योजना का लाभ उठाना चाहिए।
कृषि मेले में स्वयं सहायता समूहों और जैविक कृषि समूह द्वारा ऑर्गेनिक उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। मौके पर ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, सहायक कृषि रक्षा अधिकारी सोहन पोखरियाल, नरेश नौटियाल, ग्रामप्रधान रोहित नौटियाल, ग्राम प्रधान रायवाला सागर गिरी, सोहन सिंह कैंतुरा, ओमप्रकाश पांडे, संदीप खंतवाल देवेंद्र असवाल, विरेन्द्र गौनियाल, जयपाल सिंह चौहान, रमेश कंडारी, आशीष जोशी आदि मौजूद रहे।