
Mana Avalanche: उत्तराखण्ड के जनपद चमोली में माणा के पास हिमस्खलन की चपेट में आए 03 और श्रमिकों के शव मिले हैं। अब तक मृतकों की संख्या चार हो चुकी है। जबकि देहरादून निवासी एक व्यक्ति की अभी भी तलाश जारी है। हादसे में 46 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था। जिनका जोशीमठ में उपचार चल रहा है। दो गंभीर घायलों को एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।
माणा के पास एवलांच हादसे के बाद तीसरे दिन रविवार को भी खोज एवं बचाव दलों में शामिल सेना, आईटीबीपी और एनडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखा। आज बचाव दलों ने तीन और श्रमिकों के शवों को बरामद किया। जिसके साथ हादसे में मृतकों की संख्या सात हो चुकी है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि एक और लापता श्रमिक को ढूंढने के लिए बचाव दल युद्धस्तर पर कार्य कर रहे हैं। वहीं, ज्योतिर्मठ में मृतक श्रमिकों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है। प्रशासन उनके शवों को घर पहुंचाने की व्यवस्था कर रहा है।
माणा हादसे में सुरक्षित बचाए गए 44 श्रमिकों को ज्योतिर्मठ के सेना अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की स्थिति सामान्य है और उनकी देखभाल की जा रही है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो श्रमिकों का एम्स ऋषिकेश में इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत में सुधार है।
हादसे में अब तक 07 श्रमिक मृतक पाए गए और एक लापता है। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में पूरी तत्परता से जुटा हुआ है। सुरक्षित बचे श्रमिकों को हर संभव चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। मृतकों के शवों को उनके घर भेजने की व्यवस्था की जारी है।