उत्तराखंडचमोली गढ़वालदेश

माणा हिमस्खलनः 14 और मजदूरों को किया गया रेस्क्यू

• सीएम धामी ग्राउंड जीरो पर पहुंचे, हवाई और स्थलीय निरीक्षण किया

• अब तक 47 श्रमिक बचाए गए, अन्य 08 की तलाश को अभियान जारी

• पीएम मोदी ने सीएम धामी से ली फोन पर हालात की सारी जानकारी

Badrinath- Mana Avalanche Update : माणा गांव के पास एक दिन पहले हिमस्खलन में फंसे मजदूरों और ऑपरेटरों को निकालने के लिए आज सुबह फिर से शुरू हुए रेस्क्यू ऑपरेशन में 14 और श्रमिकों को सकुशल निकाल लिया गया है। निकाले गए मजदूरों को एयरलिफ्ट कर उपचार के लिए जोशीमठ भेजा गया है। हादसे के बाद से अब तक 47 श्रमिकों को निकाला जा चुका है। जबकि 08 अन्य श्रमिकों की तलाश अभी भी जारी है। उधर, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर जायजा लिया। साथ ही सभी श्रमिकों को बचाने के प्रयास जारी रखने की बात कही।

बीते दिन शुक्रवार की सुबह माणा गांव के समीप कुबेर पर्वत से अचानक एवलांच आने के चलते सीमा सड़क संगठन के मजदूरों का कैंप बर्फ में दब गया था। इस दौरान कुछ मजदूरों ने बदरीनाथ की तरफ भाग कर अपनी जान बचाई। जबकि 55 मजदूर कंटेनर कैंप में ही फंस गए थे। जिसके बाद पास में ही मौजूद भारतीय सेना और आईटीबीपी के जवानों ने तत्काल 10 मजूदरों को रेस्क्यू कर बचा लिया था। बर्फवारी के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन इसके बाद भी जारी रहा। शुक्रवार देर शाम तक 33 श्रमिकों को हिमस्खलन की चपेट में आए मजदूरों को बचा लिया गया था। घायलों को पास में ही सेना के अस्तपाल में भर्ती कराया गया।

शनिवार को मौसम खुलने पर सुबह करीब साढ़े सात बजे से रेस्क्यू ऑपरेशन दोबारा से शुरू हुआ। आईटीबीपी, सेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस आदि के बचाव दलों ने 14 अन्य मजदूरों को बाहर निकाला। तत्काल उन्हें उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर जोशीमठ आर्मी अस्पताल भेज गया। अभी 8 अन्य मजदूरों की तलाश के लिए ऑपरेशन रेस्क्यू जारी रखा गया है।

ग्राउंड जीरो पर पहुंचे सीएम धामी
वहीं, सूबे के मुखिया पुष्कर सिंह धामी ने भी ग्राउंड जीरो पर पहुंच कर हवाई आर्र स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया। सीएम ने अधिकारियों से मजदूरों को बचाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने को कहा। उन्होंने रेस्क्यू किए गए मजदूरों से बात भी की। साथ ही उनकी पूरी सुरक्षा का भरोसा भी दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माणा के निकट हुए हिमस्खलन में फंसे सभी श्रमिकों को जल्द से जल्द सकुशल रेस्क्यू करना हमारी प्राथमिकता है। बाहर निकाले गए श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। गंभीर रूप से घायल 6 श्रमिकों को आर्मी चिकित्सालय, ज्योतिर्मठ भेजा गया है। बताया कि अभी तक कुल 47 श्रमिकों का सफल रेस्क्यू किया जा चुका है। फंसे हुए अन्य श्रमिकों को भी जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मौसम खुलने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई गई है। प्रभु बदरी विशाल की कृपा एवं बचावकर्मियों के अथक परिश्रम से बर्फ में फंसे सभी श्रमिकों को सकुशल निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने की सीएम धामी से बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फ़ोन पर बात कर जनपद चमोली के माणा में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। इस दौरान प्रधानमंत्री ने प्रदेश में हो रही बारिश और हिमपात की स्थिति पर भी विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की ओर से किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हर संभव सहायता प्रदान किए जाने का आश्वासन दिया।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button