दुगड्डाः सीएम धामी ने तीन दिनी शहीद मेले का शुभारंभ

कोटद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुगड्डा पार्क में तीन दिवसीय शहीद मेला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीएम क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं भी की।
मंगलवार को दुगड्डा पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद, स्व. बलदेव सिंह आर्य और स्व. भवानी सिंह रावत की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। शहीद मेले के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधाममंत्री के नेतृत्व में स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली गाथाओं का नई पीढ़ी को पुनः स्मरण कराने के लिए पूरे देश में स्मारकों और संग्रहालय का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, सैनिकों व उनके परिवारों के कल्याण के लिए कई योजनाओं की शुरुआत की गई है। उत्तराखंड का पांचवां धाम सैनिक धाम देहरादून के गुनियाल गांव में बनाया जा रहा है। सरकार स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को स्वास्थ्य सेवाओं और आवासीय योजना में भी प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव वन्यजीव संघर्ष और विकास बनाम वन संरक्षण के संबंध में केंद्र सरकार के साथ चर्चा की जाएगी। इससे चुनौतियों का समाधान होगा और जो विकास कार्य नहीं हो पाते हैं उन पर काम हो सकेगा। साथ ही वन्यजीव हमलों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को विधि सम्मत कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सबकी जान बचाना हमारी प्राथमिकता है। वन्य जीवों के हमलों को लेकर भी जल्द कानून बनाया जाएगा।
शहीद मेला में रीप परियोजना, बाल विकास, वन विभाग, कृषि विभाग, उद्यान, सहकारिता, समाज कल्याण, डेयरी विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक लैंसडाउन दलीप रावत, यमकेश्वर रेनू बिष्ट, मेयर कोटद्वार शैलेंद्र सिंह रावत, अध्यक्ष नगर पालिका दुगड्डा शांति बिष्ट, जिलाध्यक्ष भाजपा वीरेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी लोकेश्वर सिंह, सीडीओ गिरीश गुणवंत आदि मौजूद रहे।
सीएम ने की यह घोषणाएं
नगरपालिका दुगड्डा के क्षेत्रान्तर्गत एक आधुनिक बहुउद्देशीय भवन का निर्माण।
नगर पालिका के लिए एक आधिकारिक वाहन की व्यवस्था।
भवानी सिंह रावत शहीद स्मृति स्थल का संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं पुनर्निर्माण नगर पालिका द्वारा किया जाएगा।
नगर पालिका परिषद् दुगडडा क्षेत्रान्तर्गत निराश्रितों के लिए एक स्थायी रैन बसेरा का निर्माण किया जाएगा।
दुगड्डा नगर में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का विकास एवं इसका नाम स्व. मोहन लाल बौंठियाल के नाम पर रखा जाएगा।
दुगड्डा ब्लॉक में एक मिनी स्टेडियम की स्थापना की जाएगी।
फतेहपुर में सिलगाड नदी पर पुल का निर्माण कराया जाएगा।
मटियाली में सिद्धबाबा मंदिर का सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य किए जाएंगे।