• पहाड़ी टोपी पहने दिखे पासवान, चुनाव को बताया विकास का रास्ता
Uttarakhand Nikay Chunav : ऋषिकेश। भारतीय जनता पार्टी से मेयर प्रत्याशी शंभू पासवान ने चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही प्रचार अभियान का आगाज भी कर दिया है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने दावा किया कि भाजपा मेयर के साथ ही निगम के 40 वार्डों में पार्षद प्रत्याशी भी जीत दर्ज करेंगे। इस दौरान शंभू पासवान पहाड़ी टोपी में नजर आए।
शुक्रवार को मुखर्जी रोड पर भाजपा के चुनाव कार्यालय का कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और भाजपा संगठन मंत्री अजय कुमार ने शुभारंभ किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने भाजपा के मेयर प्रत्याशी शंभू पासवान की जीत के लिए कार्यकर्ताओं से कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया। कहा कि विपक्ष भाजपा की बढ़ती साख को देखकर घबराया हुआ है। विपक्ष नामांकन खारिज होने का आरोप भी भाजपा पर लगा रहे हैं। उन्होंने पार्षद प्रत्याशियों से अपने साथ मेयर के लिए वार्ड में वोट मांगने की अपील भी की है।
वहीं, मेयर प्रत्याशी शंभू पासवान ने कैबिनेट मंत्री के सहयोग से शहर की हर समस्या का समाधान करने का संकल्प दोहराया। कहा कि यह केवल चुनाव नहीं बल्कि विकास की मंजिल पर पहुंचने का रास्ता है। प्रचार प्रसार के लिए हर व्यक्ति की जुबान पर हर हर शंभू होना चाहिए।
मौके पर चुनाव प्रभारी दान सिंह रावत, चुनाव संयोजक संजय शास्त्री, जिलाध्यक्ष रविन्द्र राणा, कविता शाह, सुमित पंवार, सुरेंद्र कुमार, अनिता ममगाई, इंद्र कुमार गोदवानी, पुनीता भंडारी, संदीप गुप्ता, ज्योति सजवाण, सुरेंद्र मोंगा, विनय उनियाल, बृजेश शर्मा, दीपक धमीजा, कपिल गुप्ता, प्रदीप दुबे, जयंत शर्मा, कनक धनाई समेत भाजपा के वार्ड प्रत्याशी मौजूद रहे।