केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज से मिले सतपाल महाराज
देहरादून। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मत्री से सुपर रिच फूड उगाये जाने के साथ उत्तराखंड में किसानों की आय बढ़ाने के लिए टीक और सफेद चंदन आदि उगाने के लिए उनको डी-नोटिफाई करने का अनुरोध किया।
सतपाल महाराज ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात के बाद कहा कि टीक, सफेद चंदन जंगलों में उगाते हैं। यदि हमें किसानों की आय बढ़ानी है तो तो उनको डी-नोटिफाई करें तो किसान भी इन्हें उगाकर अच्छी आय अर्जित कर सकते हैं।
कैबिनेट मंत्री ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से कार्बन क्रेडिट के साथ यह पंचायतों में किस प्रकार होगा इस पर भी विचार विमर्श किया। उन्होंने कहा कि जब हम अधिक से अधिक वृक्ष लगाएंगे तभी हमें कार्बन क्रेडिट प्राप्त होगा। इस दौरान महाराज ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बदरीनाथ का प्रसाद भी भेंट किया।