
Accident Chila Road : ऋषिकेश। चीला के पास शक्ति नहर में वन विभाग के अधिकारियों के एक वाहन के गिरने की खबर है। बताया जा रहा है कि हादसे में दो वन क्षेत्राधिकारी, एक वार्डन और एक कर्मचारी की मौत हो गई है। जबकि एक अधिकारी घायल है। हादसा वाहन का टायर फटने के कारण हुआ बताया जा रहा है।
शुरूआती जानकारी के अनुसार गौहरी रेंज जाते समय वन विभाग का एक वाहन चीला के पास अचानक हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि टायर फटने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर चीला शक्ति नहर में गिर गया। वाहन में वन विभाग के 10 अधिकारी व कर्मचारी सवार थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे में वन क्षेत्राधिकारी चीला रेंज शैलेश घिल्डियाल, वन क्षेत्राधिकारी प्रमोद ध्यानी, चालक सैफ अली, एक कर्मचारी की मौत हो गई है। जबकि वार्डन आलोकी लापता है। संभवतः वह वाहन से छिटक कर शक्तिनहर में गिर गई। इसके अलावा वाहन में सवार पांच अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वह एक नए वाहन का ट्रायल ले रहे थे।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने चीला शक्ति नहर में तलाश रेस्क्यू शुरू कर दिया। पुलिस घटना के कारणों की पड़ताल में जुट गई है।