देहरादून

ड्रग्स फ्री उत्तराखंड के लिए करने होंगे मिलकर प्रयासः धामी

मुख्यमंत्री ने ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2025 कार्यक्रम में दिलाई शपथ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नशा एक व्यक्ति ही नहीं बल्कि सारे परिवार और सामाजिक परिवेश को भी नुकसान पहुंचाता है। इसलिए राज्य सरकार ने उत्तराखंड को 2025 तक ड्रग्स फ्री बनाने का लक्ष्य रखा है। जिसे हम सभी को मिलकर कामयाब करना है।

मंगलवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क में ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2025 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कहा कि राज्य में ड्रग ट्रैफिकिंग को रोकने और तंत्र को ध्वस्त करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि राज्य में जहां खासकर युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाई जा रही है, वहीं नशा तस्करी के खिलाफ भी कड़ी करवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष अभी तक एनडीपीएस एक्ट के में लगभग 600 मामले पंजीकृत हुए हैं। जिनमें करीब 750 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। मादक पदार्थों की रोकथाम और इस सम्बन्ध में प्रभावी कार्यवाही के लिए राज्य में वर्ष 2022 में त्रिस्तरीय एन्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की प्रवृति को रोकने और नशाग्रस्त व्यक्तियों को मुख्यधारा से जोड़ने, उनके पुनर्वास के लिए जनपदों में नशा मुक्ति केंद्रों को प्रभावी बनाया जा रहा है। वर्तमान में राज्य में चार इंटीग्रेटेड रिहैबिलिटेशन सेंटर फॉर एडिक्ट्स संचालित हैं। समाज के विभिन्न वर्गों में नशे के दुष्परिणामों को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। संबंधित जानकारी और रोकथाम के लिए हेल्पलाइन नम्बर भी जारी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने नशे के खिलाफ अभियान की दिशा में लोगों को जागरूक करने के लिए तीलू रौतेली पुरुस्कार प्राप्त संस्था ’आदर्श औद्योगिक स्वायत्तता सहकारिता’ के प्रयासों की सराहना की। कहा कि संस्था द्वारा भ्रूण हत्या, दहेज उत्पीड़न सहित अन्य मुद्दों के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम, रैलियों के साथ ही गोष्ठियां आयोजित की जा रही हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ड्रग्स फ्री उत्तराखंड की शपथ भी दिलाई।

आदर्श औद्योगिक स्वायत्तता सहकारिता संस्था की अध्यक्ष व कार्यक्रम संयोजक आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री जी का आभार जताया। सचिव हरीश कोठारी द्वारा कार्यक्रम का संचालन किया गया। मौके पर प्रांत प्रचार प्रमुख आरएसएस संजय, प्रादेशिक मुख्य आयुक्त भारत स्काउट एंड गाइड उत्तराखंड एवं निदेशक माध्यमिक शिक्षा सीमा जौनसारी, सचिव रविंद्र मोहन काला, निवर्तमान मेयर सुनील उनियाल गामा, संस्था के संरक्षक मेजर रविंद्र सिंह बिष्ट, विष्णु त्यागी, अर्चना बागरी, देवेंद्र बिष्ट, राजेंद्र सिंह ढिल्लों आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button