डीएम पौड़ी डॉ. आशीष चौहान दे रहे अभिनव प्रयास को अंजाम

Tourism Destination Uttarakhand : कोटद्वार। कण्वाश्रम क्षेत्र को तीर्थाटन और पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने और टूरिज्म मैप पर लाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पौड़ी डॉ. आशीष चौहान (DM Pauri Dr. Ashish Chauhan) ने कण्वाश्रम मालानी ट्रेक (Kanvashram Malani Trek) ऑफ द इयर पदयात्रा पूरी की। यात्रा में उनके साथ पर्यटन, वन विभाग के अधिकारियों के अलावा माय एडवेंचर क्लब सदस्य भी शामिल रहे।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान उत्तराखंड को पर्यटन और तीर्थाटन की दृष्टि से और आकर्षक स्थल बनाने के लिए लगातार अभिनव प्रयासों के लिए जाने जाते रहे हैं। डॉ. चौहान का कहना है कि कण्वाश्रम क्षेत्र ऐतिहासिक और आध्यात्मिकता दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। इसे आकर्षक बनाया जाए तो यह क्षेत्र विश्व मानचित्र पर आने के साथ ही पर्यटकों, इतिहासकारों और आध्यात्मिक चेतना के पैरोकारों का बड़ा केंद्र बनकर उभर सकता है। साथ ही स्थानीय लोगों की आर्थिक को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने एक दिन पहले मालन नदी के उद्गम से शुरुआत करते हुए अमोली, जुडड़ा, किमसेरा और लालपुल होते हुए कण्वाश्रम तक पैदल यात्रा पुरी की। यात्रा में उनके साथ जिला पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री, वन विभाग, पर्यटन, राजस्व पुलिस, स्थानीय पुलिस, माय एडवेंचर क्लब के सदस्य और स्थानीय लोग शामिल थे।
बता दें कि जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान इससे पूर्व बर्ड वाचिंग, गंगा पदयात्रा और बीटल्स एंड द गंगा फेस्टिवल के अभिनव प्रयासों को अंजाम दे चुके हैं। वह जनपद में पर्यटन और आध्यात्मिक स्थलों को लाइम लाइट में लाने के प्रयासों को जारी रखे हुए हैं।