खेलदेहरादून

राष्ट्रीय खेल दिवस पर मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना शुरू

सीएम ने राज्य के खिलाड़ियों को सम्मानित किया, कुछ खिलाड़ियों को चेक प्रदान किए

देहरादून। राष्ट्रीय खेल दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना’ का शुभारंभ किया। योजना से प्रदेश के 14 से 23 वर्ष के 2600 खिलाड़ी लाभान्वित होंगे। प्रत्येक जनपद से बालक व बालिका वर्ग में 100-100 खिलाड़ी चयनित होंगे। जिन्हें प्रतिमाह 02-02 हजार रुपये की छात्रवृत्ति और उपकरण के लिए प्रतिवर्ष 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे।

सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कुछ खिलाड़ियों को दो-दो हजार रूपये के चेक प्रदान किए। सीएम ने खिलाड़ियों को ‘मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना’ के चेक भी सौंपे। कार्यक्रम के दौरान पैरालंपिक खिलाड़ियों व नेशनल पावर लिफ्टिंग में गोल्ड मेडल प्राप्त अपर पुलिस महानिदेशक अमित सिन्हा को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को नमन किया। कहा कि मेजर ध्यानचंद के अनुकरणीय एवं शानदार खेल कौशल ने भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। मेजर ध्यानचंद ने हॉकी की दुनिया में भारत को एक अलग पहचान दिलाई। हाल ही में भारतीय हॉकी टीम ने भी चौथी बार एशियन हॉकी चैंपियन ट्राफी जीतकर एक इतिहास रचा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है। देश में खिलाड़ियों के सामर्थ्य का सम्मान हो रहा है। जैवलिन थ्रो के स्टार खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में गोल्ड मेडल जीतकर एक बार फिर से साबित कर दिया कि दुनिया में कहीं भी खेल का मैदान हो, भारत का तिरंगा शान से लहराता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी खेलों को बढावा देने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना में 08 से 14 वर्ष के उभरते 3900 खिलाड़ियों को 1500 रूपये प्रतिमाह की खेल छात्रवृत्ति दी जा रही है। खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए नई खेल नीति लाई गई है। त्वरित वित्तीय लाभ दिये जाने के लिए मुख्यमंत्री खेल विकास निधि की स्थापना की गई है। दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता की व्यवस्था की गई है। विश्वविद्यालयों में व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 5 प्रतिशत स्पोर्ट्स कोटा की नियमावली बनाई जा रही है। राज्य के अन्तर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सेवायोजन प्रदान करने की व्यवस्था की जा रही है। राज्याधीन सेवाओं में सेवायोजन के लिए 4 प्रतिशत खेल कोटे को पुनः लागू किये जाने की कार्यवाही भी अंतिम चरण में है।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य में खेल को केन्द्र में रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा कार्य किए जा रहे हैं। अगले वर्ष उत्तराखंड राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करेगा। नई खेल नीति में खिलाड़ियों के लिए हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए हैं।

इस अवसर पर विधायक खजान दास, मेयर सुनील उनियाल गामा, विशेष प्रमुख सचिव खेल अभिनव कुमार, खेल निदेशक जितेन्द्र कुमार सोनकर आदि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने की खेल से जुड़ी चार घोषणाएं
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में 200 बेड, हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज लेलू, पिथौरागढ़ में 50 बेड के छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा। खिलाड़ियों का दैनिक भोजन भत्ता 250 रुपये से बढ़ाकर भारतीय खेल प्राधिकरण की भांति 480 रुपये प्रतिदिन किया जाएगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए राज्य के खिलाड़ियों को साधारण बस व स्लीपर रेल किराया से बढ़ाते हुए एसी बस अथवा थ्री टीयर एसी ट्रेन की सुविधा दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button