Bageshwar: पूर्व विधायक ने छोड़ी बीजेपी, कांग्रेस में घर वापसी
Bageshwar By Election 2023 : बागेश्वर उपचुनाव भाजपा और कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। दोनों ही प्रमुख दल अपनी जीत को सुनिश्चित करने के लिए एक दूसरे के खेमें में सेंध लगाने से नहीं चूक रहे। आज पूर्व विधायक उमेद सिंह माजिला ने बीजेपी को छोड़कर कर कांग्रेस में घर वापसी की। माजिला कांग्रेस से पूर्व में कांडा सीट से विधायक रहे हैं।
बागेश्वर में पूर्व विधायक उमेद सिंह माजिला ने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, सह प्रभारी दीपिका पांडे, पूर्व विधायक रंजीत रावत समेत कई दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में पार्टी को दोबारा से ज्वाइन किया।
बता दें कि माजिला बागेश्वर की कांडा सीट से पूर्व में विधायक रहे हैं। वह कई साल तक कांग्रेस जिलाध्यक्ष के पद पर भी रहे। बाद में वह बीजेपी में शामिल हो गए थे। माजिला ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। 16 वर्षों में बागेश्वर का कोई विकास नहीं हुआ। उन्होंने बागेश्वर उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा किया है।
स्थानीय राजनीति में माजिला के सियासी दांव को भाजपा के लिए उपचुनाव में चुनौती माना जा रहा है। माजिला को क्षेत्र में बड़े कद का नेता माना जाता है। इस सियासी घटनाक्रम के बाद कांग्रेस प्रत्याशी बसंत कुमार के साथ ही पार्टी नेता कांग्रेस की स्थिति मजबूत मानकर चल रहे हैं।