Harela Parv 2023 : ऋषिकेश। हरेला पर्व के तहत एम्स में विभिन्न प्रजातियों के 100 से अधिक पौधे रोपे गए। मुख्य अतिथि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने कहा कि हरेला पर्यावरण संरक्षण का लोकपर्व है। इसे आगे बढ़ाना सभी का कर्तव्य है।
सोमवार को एम्स परिसर में मिलेट कैफे स्थल के निकट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत एम्स ने चम्पा का पौधा रोपकर हरेला पर्व कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर संस्थान के अधिकारियों और फेकल्टी सदस्यों द्वारा चम्पा, कीनू, कनेर, गोगनबेलिया आदि प्रजातियों के फलदार और छायादार पौधे रोपे गए।
एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) मीनू सिंह ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का वरदान हैं, इनसे हमें प्राणवायु प्राप्त होती है। उन्होंने पृथ्वी के पर्यावरण को सुरक्षित और बचाए रखने के लिए वृक्षों को अति महत्वपूर्ण बताया।
इस बीच मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने एम्स परिसर में आर्गेनिक खेती का निरीक्षण भी किया। कहा कि मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए एम्स का यह प्रयास प्रशंसनीय है। बता दें कि एम्स परिसर में 5 बीघा से अधिक भूमि पर कोदा, मक्का और मंडुए की उपज की जा रही है।
मौके पर डीन एकेडेमिक प्रोफेसर जया चतुर्वेदी, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. संजीव कुुमार मित्तल, उप निदेशक (प्रशासन) कर्नल राकेश कुमार, रजिस्ट्रार राजीव चौधरी, विधि अधिकारी प्रदीप चन्द्र पाण्डेय, अधीक्षण अभियंता ले. कर्नल राजेश जुयाल, प्रशासनिक अधिकारी गौरव बडोला, काॅलेज ऑफ नर्सिंग की प्रिंसिपल प्रो. स्मृति अरोड़ा, नगर निगम महापौर अनीता ममगाईं, डाॅ. विनोद कुमार, डाॅ. अनीसा आतिफ आदि मौजूद रहे।