
Harela Parv 2023 : देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरेला पर्व पर मुख्यमंत्री आवास परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने आम की पूषा श्रेष्ठ प्रजाति का पौधा लगाया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्द्धन का पर्व है। हरेला पर्व के उपलक्ष्य में प्रदेश में सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और विभागों के माध्यम से व्यापक स्तर से पौधरोपण किया जाएगा। कहा कि जल संरक्षण व जलधाराओं के पुनर्जीवन की दिशा में राज्य में अनेक प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश में जल संरक्षण और संवर्द्धन के लिए सभी को आगे आने का आह्वान किया गया है। राज्य में इस दिशा में तेजी से कार्य हो रहे हैं। राज्य में 1200 से अधिक अमृत सरोवर बनाए गए हैं। इस दिशा में आगे भी लगातार कार्य होंगे।
हरेला पर्व पर मुख्यमंत्री की पत्नी गीता धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी पौधरोपण किया। इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के 51 पौधे लगाए गए।
मौके पर अपर सचिव रणवीर सिंह चौहान, मुख्य वन संरक्षक वन पंचायत डॉ. पराग मधुकर धकाते, मुख्य उद्यान अधिकारी डॉ. मीनाक्षी जोशी, उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित आदि मौजूद थे।