आश्रम संचालकों और महिला समूहों को किया जागरूक

मुनिकीरेती/ऋषिकेश। नगरपालिका की ओर से स्वच्छता सप्ताह के चौथे दिन क्षेत्र के आश्रम संचालकों और स्वयं सहायता समूहों को कूड़ा प्रबंधन की जानकारी दी। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभाव प्रभावों से अवगत कराया। बैठक में सभी लोगों ने स्वच्छता का संकल्प जताया।
गुरुवार को पालिका सभागार में आयोजित स्वच्छता सप्ताह कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी तनवीर सिंह मारवाह ने आश्रम संचालकों और स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों से कूड़ा प्रबंधन की जानकारियां साझा की। साथ ही उनसे 17 जून को स्वच्छता प्रभात फेरी और 18 जून को वृहद स्वच्छता अभियान में शामिल होने की अपील की।
कार्यदायी संस्था जेबीबी टेक्नोक्रेट के सुपरवाइजर जतन ने बैठक में गीले व सूखे कूड़े को सोर्स पर ही पृथक करने की जानकारी दी। वेस्ट वॉरियर्स राहुल ने सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को बताया। कार्यक्रम का संचालन सफाई निरीक्षक मृदुल कुमार ने किया।
मौके पर कर एवं राजस्व निरीक्षक अनुराधा गोयल, शिवानंद आश्रम, कैलाश आश्रम, ब्रह्मानंद आश्रम, मधुबन आश्रम के संचालक और नारी शक्ति स्वयं सहायता समूह के सदस्य उपस्थित थे।