समूण की पहल, कैंसर पीड़ित को दी आर्थिक मदद
प्रताप के घर पहुंच कर पत्नी को 17 हजार का चेक सौंपा
शिखर हिमालय डेस्क
ऋषिकेश। मानवता ही सेवा के मूल मंत्र के साथ समूण फाउंडेशन का लोगों की मदद का सिलसिला बदस्तूर जारी है। एक दिन पहले फाउंडेशन ने रुद्रप्रयाग जिले के टैटी, कांडई निवासी कैंसर पीड़ित प्रताप सिंह के परिवार को 17 हजार रुपये का चेक सौंपा। साथ ही उपचार में मदद का भरोसा भी दिया।
फाउंडेशन प्रमुख विनोद जेठूड़ी ने बताया कि जनपद रुद्रप्रयाग के टैटी, कांडई के 48 वर्षीय प्रताप सिंह पटवाल पैर पर चोट लगने से हुए घाव के कैंसर बनने के चलते पिछले छह महीने से बिस्तर पर हैं। उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं कि अपना बेहतर इलाज करा सकें। परिवार में पत्नी, मां और तीन बच्चों के भरण पोषण का जिम्मा भी उन्हीं पर था। आय स्रोत के तौर पर उनके पास सिर्फ खेती है। जिसमें ना के बराबर आमदनी है।
बताया कि प्रताप सिंह की गंभीर बीमारी और माली हालात की जानकारी मिलने पर फाउंडेशन ने उनकी मदद का निर्णय लिया। एक दिन पूर्व समूण फाउंडेशन की ओर से अनिल सिंह ने उनके घर पहुंच कर उनकी पत्नी आशा देवी को 17 हजार रुपये का चेक सौंपा। साथ ही उन्हें उपचार में हरसंभव मदद करने का भरोसा दिया।
विनोद ने बताया कि इससे पूर्व प्रताप सिंह कैंसर पीड़ित बेटी अवंतिका को भी गवां चुके हैं। पहले ही अपनी जमा पूंजी वह बेटी के इलाज में खर्च कर चुके थे। इसलिए खुद के उपचार की अब सामर्थ्य नहीं बची।
जेठूड़ी ने कहा कि समूण फाउंडेशन समाज के असहाय वर्ग की सहायता के लिए हमेशा तत्पर है। विनोद ने फाउंडेशन को आर्थिक सहायता करने वालों का आभार भी जताया।