
Manskhand Tableau : देहरादून। दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाली उत्तराखंड की झांकी ‘मानसखण्ड’ को अब गढ़ी कैंट स्थित संस्कृति विभाग के हिमालयन सांस्कृतिक केन्द्र परिसर में देखा जा सकता है। झांकी को यहां स्थायी रूप से स्थापित कर दिया गया है।
बता दें कि इसवर्ष गणतंत्र दिवस परेड में उत्तराखंड की झांकी ‘मानसखंड’ को प्रथम पुरस्कार मिला था। जिसके बाद झांकी को उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में ले जाया गया। भ्रमण के बाद अब मानसखंड झांकी को गढ़ी कैंट स्थित संस्कृति विभाग के हिमालयन सांस्कृतिक केन्द्र परिसर में स्थायी रुप से स्थापित कर दिया गया है।
इससे पूर्व 5 अप्रैल को सीएम आवास से हरी झंडी दिखाकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा झांकी को प्रदेश भ्रमण के लिए रवाना किया गया था। सीएम ने इसके बाद झांकी को गढ़ी कैंट में संरक्षित रखने के निर्देश दिए थे। वर्ष 2021 में गणतंत्र दिवस परेड में तृतीय पुरस्कार प्राप्त करने वाली उत्तराखंड की झांकी ‘केदारखंड’ को भी इसी परिसर में स्थापित किया गया है।