पर्यटन सर्किट से जोड़े जाएंगे कार्तिकेय स्वामी और अनसूया मंदिरः महाराज
![](https://shikharhimalaya.com/wp-content/uploads/2023/05/16-may-23-rudraprayag-kartik-swami-mandir.jpeg)
Kartikeya Swamy Temple : रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड पर्यटन विभाग की ओर से क्रौंच पर्वत स्थित कार्तिकेय स्वामी मंदिर में भव्य 108 बालमपुरी शंख पूजा का धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूजा में दक्षिण भारत से आए शिवाचार्य और गुरु प्रतिभाग कर रहे हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि अगस्त्य ऋषि, कार्तिकेय स्वामी व अनसूया मंदिर को पर्यटन सर्किट से जोड़कर विकसित किया जाएगा।
मंगलवार को पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज की पहल पर कार्तिकेय स्वामी मंदिर में 108 बालमपुरी शंख पूजा व हवन का आयोजन किया गया। महाराज ने दक्षिण भारत से आए शिवाचार्य व गुरुजनों के साथ पूजा अर्चना की। कहा कि पृथ्वी की परिक्रमा के बाद कार्तिकेय स्वामी यहां पर पहुंचे तो गणेश को श्रेष्ठ पद दिया गया है। जिसके बाद कार्तिकेय ने माँ पार्वती से नाराज होकर यहां तपस्या की। इसके बाद कार्तिकेय दक्षिण भारत चले गए, जहां उनकी मुरगन स्वामी के रूप में आराधना होती है। कहा कि उत्तर भारत का यह एक मात्र कार्तिकेय मंदिर है।
उन्होंने कहा कि अगस्त्यमुनि के अगस्त्य ऋषि, कार्तिकेय स्वामी मंदिर व अनसूया मंदिर को पर्यटन सर्किट से जोड़कर पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर भी रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। केदारनाथ विधायक शैला रानी रावत ने कहा कि उत्तर भारत व दक्षिण भारत के लोगों के लिए यह ऐतिहासिक मिलन का दिन है।
मौके पर सरवण मणिक्का वासग स्वामी, शिवज्ञान बालय, कुमर गुरुबरा स्वामी, शांतलिंग मरूथासला, तिरूज्ञानांदा स्वामीगल, मेडोलिन यू राजेश, आरूर सुब्रझयणम, स्वामी सुषांता, भाष्कर खुल्बे, पर्यटन सचिव सचिन कुर्वे, अपर सचिव सी रविशंकर, एसपी डॉ. अशोक भदाणे, एसडीएम ऊखीमठ जितेंद्र वर्मा, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, सुशील नौटियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कप्रवान, मंदिर समिति अध्यक्ष शत्रुघन नेगी, विक्रम नेगी, सुरेंद्र नेगी, रघुवीर नेगी, पूरण सिंह नेगी, रमेश सिह, बलराम आदि मौजूद रहे।