हेमकुंड साहिब के रास्तों से बर्फ हटाने का काम जोरों पर
Hemkund Sahib Yatra 2023 : चारधाम यात्रा में शुरूआत में ही खासा उत्साह दिख रहा है। 20 मई से सिखों के पवित्र तीर्थ हेमकुंड साहिब के कपाट भी संगतों के लिए खुल जाएंगे। इनदिनों धाम के पैदल यात्रा मार्ग से लगातार बर्फ हटाने का काम जोरो पर चल रहा है।।
सेना के जवान बीते 20 अप्रैल से हेमकुंड साहिब के रास्ते को खोलने की मशक्कत में जुट गए थे। शुक्रवार को हवलदार मलकीत सिंह, हवलदार हरसेवक सिंह मार्ग से बर्फ हटाकर रास्ता बनाते हुए गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब के प्रबंधक गुरनाम सिंह और अन्य सेवादारों के साथ धाम तक पहुंचे।
भारतीय सेना के 418 इंडीपेन्डेंट इंजीनियर कार्प. के जवानों द्वारा हेमकुंड साहिब से पहले अटलाकोटी ग्लेशियर को काटकर 4 फुट चौड़ा मार्ग बना दिया गया है। गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि पावन स्थल हेमकुंड साहिब में भी बर्फ है एवं सरोवर भी पूरी तरह से बर्फ से ढका है। शनिवार के दिन से भारतीय सेना के जवान, ट्रस्ट सेवादारों के साथ मिलकर हेमकुंड साहिब से नीचे आने वाले मार्ग से बर्फ हटाने व मार्ग को दुरुस्त करने में जुट गए हैं।
मौसम की परिस्थिति को देखते हुए भारतीय सेना के जवानों ने पूर्ण रूप से आश्वासन दिया है कि पैदल मार्ग से बर्फ हटाने व मार्ग को चौड़ा करने का कार्य शीघ्र ही पूर्ण कर दिया जाएगा। साथ ही प्रशासन की ओर से भी आश्वस्त किया गया है कि 20 मई से श्रद्धालु निर्विघ्न यात्रा कर गुरूघर का आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे।