
ऋषिकेश। महाशिवरात्रि पर कांग्रेसियों ने भोलेनाथ शिव से सरकार की बुद्धि शुद्धि की मनौती मांगी। कहा कि उन्होंने भगवान शिव के पास बेरोजगार युवाओं के साथ सरकार दोबारा बर्बरतापूर्ण कार्रवाई नहीं करे, इसकी अर्जी लगाई है।
शनिवार को महाशिवरात्रि के दिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने त्रिवेणीघाट में वटवृक्ष के नीचे स्थित शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। कहा कि उन्होंने भगवान से सरकार की बुद्धि शुद्धि की कामना की है। बीती 8 व 9 फरवरी को सरकार ने न्याय की मांग कर रहे युवाओं पर बर्बरता पूर्ण कार्रवाई की। उन्होंने सरकार ऐसी घटना दोबारा नहीं करे यह प्रार्थना आदि देव शिव से की है।
कांग्रेसजनों ने आशुतोश शिव से सरकार को भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच करने की हिम्मत देने की प्रार्थना भी की। संदेह जताया कि भर्ती घोटालों में भाजपा नेताओं के नाम आने के चलते शायद सरकार सीबीआई जांच से बचना चाह रही है।
मौके पर महानगर कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्यारेलाल जुगरान, संगठन महामंत्री दीपक जाटव, देवेंद्र प्रजापति, चंदन सिंह पवार, विनय सारस्वत, शैलेंद्र बिष्ट, रवि जैन, भगवान सिंह पवार, पुष्पा मिश्रा, सनी प्रजापति, विमला रावत, बीएस पयाल, राजेंद्र कोठारी, हरि सिंह नेगी, मधु मिश्रा, बृज बहुगुणा, गौरव राणा, ऋषि सिंगल, सावित्री देवी, विजेंद्र पासवान आदि मौजूद थे।