Joshimath: सीएम के निर्देश पर प्रभावितों के लिए जुटाए जा रहे साधन
Joshimath Sinking : देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जोशीमठ भू-धंसाव से प्रभावितों को रहने-खाने से लेकर ठंड से बचाने के लिए प्रशासन बंदोबस्त में जुटा है। प्रभावित परिवारों को होटलों के अलावा राहत शिविरों में रखने के साथ ही उन्हें हीटर और ब्लोअर भी बांटे जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि आपदा प्रभावितों को कोई समस्या नहीं आनी चाहिए। बताया गया कि अब तक 76 परिवारों को हीटर और ब्लोअर उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा जो लोग होटल में ठहरे हैं उनके लिए भी होटल के हीटर-ब्लोअर उपलब्ध हैं। 110 लोगों को थर्मल वियर, 175 लोगों को हॉट वॉटर बोतल, 516 लोगों को टोपी, 280 लोगों को मोजे, 196 लोगों को शॉल आदि जरूरत का सामान वितरित किया गया है।
इसी तरह अब तक 771 लोगों को खाद्यान्न किट, 601 को कंबल, 114 लोगों को डेली यूज़ किट दी गई है। 48 लोगों को जूते भी दिए गए हैं। वहीं मवेशियों का भी पूरा ख्याल रखा जा रहा है। आमजन की नियमित स्वास्थ्य जांच भी की जा रही है। अब तक कुल 766 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है।
जोशीमठ में आपदा प्रभावित 269 परिवारों के 900 सदस्यों को सुरक्षा के दृष्टिगत राहत शिविरों में ठहराया गया है। शिविरों में भोजन, पेयजल, चिकित्सा इत्यादि मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।