अल्मोड़ा में होगा 33वां उमेश डोभाल स्मृति समारोह
साहित्यकार कपिलेश भोज को मिलेगा उमेश डोभाल स्मृति सम्मान

अल्मोड़ा। 33वां उमेश डोभाल स्मृति सम्मान समारोह अल्मोड़ा में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। 24 और 25 मार्च को प्रस्तावित समारोह में इस वर्ष उमेश डोभाल स्मृति सम्मान 2025 साहित्यकार कपिलेश भोज को प्रदान किया जाएगा।
पत्रकार स्वर्गीय उमेश डोभाल की याद में उमेश डोभाल स्मृति सम्मान समारोह समिति हर साल प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कार्यक्रम आयोजित करती है। जिसमें पत्रकारिता अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कार दिए जाते हैं।
समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजन समिति ने चर्चा के बाद व्यवस्थाओं के लिए सहयोगियों को जिम्मेदारी सौंपी है। बताया गया कि इस वर्ष का 24 और 25 मार्च को जिला पंचायत सभागार अल्मोड़ा में समारोह होगा।
24 मार्च को सुबह 11.30 बजे गांधी पार्क से समारोह स्थल तक सांस्कृतिक जुलूस निकलेगा। 2ः00 बजे से विशेषज्ञ उत्तराखंड राज्य के 25 वर्ष विषय पर व्याख्यान देंगे। 25 मार्च को सम्मान समारोह समिति नामित प्रतिभागियों का सम्मान करेगी।
आयोजन समिति सदस्य रमेश जोशी ने बताया कि इस वर्ष उमेश डोभाल स्मृति सम्मान 2025 साहित्यकार कपिलेश भोज को प्रदान किया जाएगा। राजेन्द्र रावत ’राजू’ स्मृति जनसरोकार सम्मान “वृक्ष प्रेमी“ किशन सिंह मलड़ा को, गिरीश तिवारी ’गिर्दा’ स्मृति जनकवि सम्मान रंगकर्मी यमुना राम को दिया जाएगा। इसके अलावा प्रिंट, इलेक्ट्रोनिक और सोशल मीडिया में उल्लेखनीय काम करने वाले युवा पत्रकारों को भी सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में डॉ. हयात सिंह रावत, प्रकाश पांडेय, डा. निर्मल जोशी, राजेंद्र रावत, सीएस द्विवेदी, प्रेस क्लब उपाध्यक्ष कमलेश कनवाल, सचिव अशोक पांडे, उप सचिव कपिल मल्होत्रा, मोहित अधिकारी, किशन जोशी, हरीश भंडारी, हिमांशु लटवाल, दयाकृष्ण कांडपाल, नसीम अहमद आदि मौजूद रहे।



